एयर शो से प्रेरित होकर काशी के शिल्पकार ने बनाया चांदी का राफेल, विदेशों से मिले 100 ऑर्डर

वाराणसी: काशी में चल रहे भव्य एयर शो का असर अब यहां की पारंपरिक कला पर भी दिखाई दे रहा है। एयर शो से प्रेरित होकर गुलाबी मीनाकारी के नेशनल अवार्डी शिल्पकार कुंज बिहारी सिंह ने 400 ग्राम चांदी से राफेल लड़ाकू विमान का आकर्षक मॉडल तैयार किया है। इस पर बनारस की प्रसिद्ध गुलाबी मीनाकारी की बारीक कारीगरी की गई है। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

कुंज बिहारी सिंह के मुताबिक, वाराणसी में एयर शो की तैयारियां शुरू होने के बाद उन्होंने कुछ अलग और खास बनाने का विचार किया। इसके बाद राफेल लड़ाकू विमान की प्रतिकृति तैयार करने का फैसला लिया। इस मॉडल को बनाने में करीब एक महीने का समय लगा। शिल्पकार ने बताया कि इसकी तस्वीर ग्राहकों के साथ साझा करने के बाद अब तक करीब 100 पीस के ऑर्डर मिल चुके हैं। इनमें कैलिफोर्निया और ऑस्ट्रेलिया से मिली मांग भी शामिल है।

एयर शो के समापन समारोह में इस मॉडल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री को भेंट किए जाने की भी योजना है। इसके जरिए काशी की पारंपरिक कला और देश के सैन्य शौर्य को एक साथ प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पहले कुंज बिहारी सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल का मॉडल भी तैयार किया था, जिसे काफी सराहना मिली थी। अब राफेल के मॉडल के जरिए वह गुलाबी मीनाकारी को देश की उपलब्धियों और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ रहे हैं।
ALSO READ : शिक्षिका शव फंदे से लटका मिला, आत्महत्या की आशंका
गुलाबी मीनाकारी बनारस की विशिष्ट कला है, जिसमें चांदी पर गुलाबी रंग की बारीक नक्काशी और रंगकारी की जाती है। शिल्पकार के अनुसार, बाजार में उचित कीमत और ऑर्डर नहीं मिलने के कारण यह कला एक समय संकट में थी। अब नए प्रयोगों और देश-विदेश से मिल रही मांग ने कारीगरों के लिए उम्मीद जगाई है।
यह कलाकृति उत्तर प्रदेश की ओडीओपी योजना के तहत बनारस की पारंपरिक शिल्पकला को नई पहचान देने की संभावनाओं को भी दर्शाती है।



