सिगरा पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरजनपदीय वाहन चोर, चोरी की चार बाइक बरामद.

वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी और भदोही में वाहन चोरी समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने 19 जुलाई को लहरतारा क्रॉसिंग के समीप खाली स्थान से दिनेश कुमार वर्मा (30 वर्ष) निवासी ग्राम मझवा, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी के पास से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें नगर निगम वाराणसी के एक कर्मचारी की सुपर स्प्लेंडर बाइक भी शामिल है, जो 25 अप्रैल को नगर निगम मुख्यालय के बाहर से चोरी हुई थी। इस मामले में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। बरामद अन्य तीन बाइक भेलूपुर और लंका थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
ALSO READ: प्रो. अजीत सिंह ट्रामा सेंटर के प्रभारी, एसएस हास्पिटल के एमएस प्रो. पुनीत बने
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध वाराणसी और भदोही के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई को थाना सिगरा के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में चौकी प्रभारी रोडवेज उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार अग्रहरि, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद तथा सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



