इंटरनेशनल हिंदू स्कूल नगवा में मिशन शक्ति कार्यक्रम, छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

वाराणसी. महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को नगवा, लंका स्थित इंटरनेशनल हिंदू स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा के साथ-साथ साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया और सोशल मीडिया, ऑनलाइन लेन-देन तथा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। छात्राओं को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
ALSO READ : रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा को लेकर लंका पुलिस का विशेष अभियान, 6 मनचलों का चालान
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को किसी भी तरह की छेड़छाड़, अभद्रता या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों में जागरूकता अभियान चला रही है। छात्राओं से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की घटना को छिपाएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें साइबर अपराध के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनाना रहा।



