रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा को लेकर लंका पुलिस का विशेष अभियान, 6 मनचलों का चालान

वाराणसी. रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर वाराणसी के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में लंका पुलिस, मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र के विभिन्न बालिका विद्यालयों, कॉलेजों और छात्रावासों में सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नगवां स्थित IHS स्कूल समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, अभद्रता या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने 1090, 112 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया।
इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज और छात्रावासों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों की चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 मनचलों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया।
ALSO READ : सेण्ट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल में गूंजी देववाणी, हर्षोल्लास से मना संस्कृत दिवस
पुलिस कार्रवाई की जद में आने वालों में लक्की शर्मा, शिवा साहनी, सुधांशु साहनी, योगेश वर्मा, राजा सोनकर और अश्वनी यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन पर्व के दौरान महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार, चौकी प्रभारी रमना पवन पांडेय, चौकी प्रभारी नगवां अभिषेक सिंह, चौकी प्रभारी बीएचयू सौरभ तिवारी, चौकी प्रभारी संकटमोचन महिला उपनिरीक्षक शिप्रा सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



