सेण्ट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल में गूंजी देववाणी, हर्षोल्लास से मना संस्कृत दिवस

वाराणसी. सेण्ट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल में संस्कृत दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या डॉ. स्वाति अग्रवाल ने की। समारोह की शुरुआत संगीत शिक्षक अभिनव नारायण आचार्य एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कुलगीत और स्वागत गीत से हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के पुरातन छात्र एवं धर्मशास्त्रमीमांसा विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. माधव जनार्दन रटाटे रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के वैज्ञानिक महत्व से परिचित कराते हुए इसके अध्ययन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल प्राचीन भाषा ही नहीं, बल्कि ज्ञान-विज्ञान और भारतीय चिंतन की समृद्ध परंपरा की महत्वपूर्ण वाहक है।
विशिष्ट अतिथि संस्कृत भारती काशी प्रान्त के अध्यक्ष प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने संस्कृत को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत भाषा को अपने दैनिक जीवन से जोड़ने और इसके संरक्षण-संवर्धन में योगदान देने का आह्वान किया।
सारस्वत अतिथि श्री रणवीर संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य प्रो. आनंद जैन ने दैनिक जीवन में संस्कृत के प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृत को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय सामान्य बोलचाल और व्यवहार में भी अपनाया जाना चाहिए।
ALSO READ : वाराणसी में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया युवा संवाद’ कार्यक्रम, हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्कृत आधारित प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों को संस्कृत अध्यापिका श्रीमती ज्योति सिंह एवं श्री शिवम शुक्ल ने प्रशिक्षण दिया था।
समारोह का संचालन कार्यक्रम संयोजिका डॉ. अर्चना सिंह ने किया। अंत में विद्यालय के उप-प्राचार्य महेश चन्द्र जायसवाल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।



