वाराणसी में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया युवा संवाद’ कार्यक्रम, हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा

वाराणसी : मेरा युवा भारत वाराणसी के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन आज गुरुवार को तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को खेलों में करियर के अवसरों से परिचित कराना तथा उन्हें खेलो इंडिया एवं Viksit Bharat Young Leaders Dialogue जैसी युवा गतिविधियों से जोड़ना रहा.
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए किया गया. प्रधानमंत्री के संबोधन को वाराणसी के तीनों आयोजन स्थलों पर उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक सुना. इसके पश्चात संबंधित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. वाराणसी में आयोजित इन तीनों कार्यक्रमों में कुल 1029 युवाओं ने प्रतिभाग किया.

जिमखाना क्लब, आईआईटी बीएचयू में आयोजित ‘खेलो इंडिया युवा संवाद’ कार्यक्रम में 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती दर्शना सिंह, सांसद, राज्यसभा रहीं. इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. राजेश कुमार, छात्र अधिष्ठाता, आईआईटी बीएचयू उपस्थित रहे. कार्यक्रम में स्पोर्ट्स आइकन मंगल यादव एवं नासिर अली ने युवाओं से संवाद किया. दोनों स्पोर्ट्स आइकन ने क्रमशः हॉकी एवं क्रिकेट के क्षेत्र में अपने अनुभव युवाओं के साथ साझा करते हुए उन्हें खेलों के प्रति समर्पित रहने, नियमित अभ्यास करने और खेल के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया.
इसी क्रम में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आयोजित कार्यक्रम में 404 युवाओं ने प्रतिभाग किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार रहे. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. आनंद के. त्यागी, कुलपति, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ तथा श्रीमती सुनीता पांडेय, कुलसचिव उपस्थित रहीं. इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स आइकन सुश्री पूनम यादव ने युवाओं से संवाद किया. उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेलों में अनुशासन, मेहनत, निरंतर अभ्यास एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के महत्व के बारे में बताया तथा युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
वहीं धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में आयोजित ‘खेलो इंडिया युवा संवाद’ कार्यक्रम में 525 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे. विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. नलिनी मिश्रा, प्राचार्य, धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज उपस्थित रहीं. कार्यक्रम में राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स आइकन सुश्री शालू सोनकर ने छात्राओं से संवाद किया. उन्होंने अपने खेल अनुभवों को साझा करते हुए छात्राओं को खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
ALSO READ : वाराणसी में स्कूल की बदहाली का वीडियो पोस्ट करना पड़ा भारी, आप प्रवक्ता मुकेश सिंह गिरफ्तार
तीनों आयोजन स्थलों पर उपस्थित स्पोर्ट्स आइकन द्वारा युवाओं से ‘खेलो इंडिया’ के विषय पर संवाद किया गया. उन्होंने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए खेलों में उपलब्ध अवसरों, खेलों में करियर की संभावनाओं, फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना तथा नियमित अभ्यास के महत्व पर चर्चा की. स्पोर्ट्स आइकन ने युवाओं को अपने अनुभवों से प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण साधन है.
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को विकसित भारत यंग डायलाग एवं खेलो इंडिया से संबंधित अपने आइडिया, विचार एवं सुझाव साझा करने के लिए प्रेरित किया गया. युवाओं को विभिन्न युवा गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया. युवाओं ने भी खेल एवं युवा कार्यक्रमों से संबंधित अपने विचार उत्साहपूर्वक साझा किए. इस अवसर पर युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई. उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने, स्वयं स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.



