वाराणसी में स्कूल की बदहाली का वीडियो पोस्ट करना पड़ा भारी, आप प्रवक्ता मुकेश सिंह गिरफ्तार

वाराणसी : स्कूल की बदहाली का वीडियो पोस्ट करना आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता को भारी पड़ गया. आम आदमी पार्टी के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया प्राथमिक विद्यालय की स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को आदमपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मंडीलय अस्पताल में आरोपी का मेडिकल मुआयना कराया.
आम आदमी पार्टी प्रदेश में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को उजागर करने के लिए 'स्कूल ठीक करो' अभियान चला रही है. इसी के तहत आप प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने आदमपुर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय (कोनिया पंचायत भवन) का एक वीडियो बनाकर अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर शेयर किया था. पोस्ट में दावा किया गया था कि गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करने के लिए इस स्कूल को बंद कर दिया गया है.
स्कूल प्रशासन का पक्ष
दूसरी ओर, स्कूल के प्रधानाध्यापक कमलेश दत्त पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में इन दावों को भ्रामक और असत्य बताया. प्रधानाध्यापक के अनुसार, जुलाई 2023 में जर्जर भवन की छत का एक हिस्सा गिर गया था, जिसके बाद बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई पास के 'कोनिया सट्टी प्राथमिक विद्यालय' के भवन में स्थानांतरित कर दी गई थी. वर्तमान में स्कूल बंद नहीं है, 52 नामांकित बच्चों को शिक्षक नियमित रूप से पढ़ा रहे हैं.
ALSO READ : ट्रेन में बीमार मिली नाबालिग को RPF ने पहुंचाया अस्पताल, मंडलीय चिकित्सालय में हुआ इलाज
पुराने भवन का मामला कोर्ट में लंबित होने और स्टे ऑर्डर होने की वजह से वहां नया निर्माण नहीं हो पा रहा है. आदमपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है. इस मामले में एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया की आप प्रवक्ता मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया गया है. वीडियो के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट के तथ्यों की जांच कर रही है.



