18 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय काशी घाटवाक विश्वविद्यालय का आठवां वार्षिक समारोह

Varanasi : अंतरराष्ट्रीय काशी घाटवाॅक विश्वविद्यालय की बुधवार को हुई बैठक में 18 जनवरी को विवि का आठवां वार्षिक समारोह रीवा घाट पर मनाए जाने का निर्णय लिया गया. इस दौरान घाटों पर यात्रा भी निकाली जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. बीएचयू के हिंदी विभाग में हुई बैठक में घाटवाक विश्वविद्यालय के संस्थापक प्रो. विजय नाथ मिश्र ने बताया कि इस बार का विषय मोबाइल के दास/घाट के पास होगा. इसके माध्यम से प्रकृति के मुक्त प्रांगण से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा. समारोह के तहत यात्रा निकाली जाएगी.

इसका उद्घाटन रीवा घाट पर होगा और क्षेमेश्वर घाट, मणिकर्णिका घाट, रामघाट से होते हुए समापन राजघाट पर होगा. यात्रा में घाटों पर सांस्कृतिक व वैचारिक आयोजन भी होंगे. समारोह में अभ्युदय संस्था, रोटी बैंक, होप फाउंडेशन व नंदिनी फाउंडेशन को बेहतर कार्यों के लिए सम्मानित भी किया जाएगा. प्रो. मिश्र ने बताया कि इस बार समारोह में काशी से बाहर के भी लोग शामिल होंगे. अध्यक्षता प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने की। बैठक में रमेश पांडेय, शारदा सिंह, डॉ. विंध्याचल यादव, अनूप पांडेय, मनीष खत्री, डॉ. उदय पाल, मनीष राय मौजूद रहे.
ALSO READ : रमना में प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क के संबंध में बैठक



