श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी का काशी कनेक्शन, जांच के घेरे में सिक्योरिटी एजेंसी के 22 कर्मचारी...

वाराणसी : अयोध्या में श्रीराम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के तार काशी से भी जुड रहे हैं. इस मामले में अब चौंकाने वाला कनेक्शन सामने आया है. जांच में पता चला है कि श्रीराम मंदिर में तैनात ‘सैनिक सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा भेजे गए कर्मचारियों की भूमिका इस चोरी में बेहद संदिग्ध है. एजेंसी ने हाउस कीपिंग के नाम पर अयोध्या में 22 कर्मचारी भेजे थे, जिनमें से 6 को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है.
ये सभी 22 कर्मचारी एसबीआई अयोध्या ब्रांच के चीफ मैनेजर की सिफारिश पर रखे गए थे. मैनेजर ने बाकायदा लिखित में इन 22 नामों की सूची एजेंसी को भेजी थी. सबसे गंभीर लापरवाही यह रही कि सैनिक सिक्योरिटी एजेंसी ने बिना किसी पुलिस सत्यापन के इन सभी को सीधे राम मंदिर परिसर में भर्ती कर दिया. हालांकि इनका काम हाउस कीपिंग का था, लेकिन गिरफ्तार हुए आरोपी चोरी-छिपे नकदी गिनने का काम कर रहे थे.
ALSO READ : महिला को उम्रकैद की सजा, इस वजह से सहेली की फावड़े से काट दी थी गदर्न...
जब इस मामले में एजेंसी के मालिक से सवाल किया गया, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके कर्मचारी वहां क्या कर रहे थे. उन्होंने तर्क दिया कि कर्मचारियों से काम करवाना बैंक और प्रशासन की जिम्मेदारी थी. वहीं, एसआईटी ने अब एजेंसी के सुपरवाइजर से भी कड़ी पूछताछ की है. 26 साल पुरानी यह सुरक्षा एजेंसी देश के 8 राज्यों में सक्रिय है और कैश लॉजिस्टिक जैसे संवेदनशील काम करती है. जांच एजेंसियां अब उन संबंधों को खंगाल रही हैं जिन्होंने इन कर्मचारियों को मंदिर तक पहुंच दिलाई.



