वाराणसी में मकान से दिनदहाड़े लाखों की चोरी, लोगों में भय

वाराणसी : लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के लमही इलाके में एक मकान में दिनदहाड़े घूसे चोरों ने नगदी समेत लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया. सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बेलवा बाबा बाजार निवासी ऑटो चालक राजकुमार तिवारी दोपहर करीब 2:30 बजे भोजन के बाद ऑटो चलाने चले गए थे. उस समय उनकी पत्नी शशि तिवारी और बहू वींशु तिवारी बच्चों के साथ अपने-अपने कमरों में सो रही थीं. लगभग एक घंटे बाद शशि तिवारी को गले पर किसी के हाथ लगाने का एहसास हुआ. उन्होंने इसे अपने पति समझा और फिर सो गईं. कुछ देर बाद कमरे में आहट सुनकर वह जागीं तो एक चेहरा ढके, सफेद शर्ट पहने युवक को कमरे से बाहर जाते देखा. उन्होंने तुरंत अपनी बहू के कमरे का दरवाजा खटखटाया. बहू के साथ अपने कमरे में लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी खुली थी, लॉकर टूटा पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था.
इसके बाद उन्हें चोरी का एहसास हुआ. शशि तिवारी ने तुरंत अपने पति राजकुमार तिवारी को घटना की सूचना दी. राजकुमार तिवारी के घर पहुंचने पर पुलिस को सूचित किया गया. पीड़ित शशि तिवारी के अनुसार, चोरों के हाथ सोने का हार, झुमका, चेन, अंगूठी, कान का टॉप्स, मंगलसूत्र और 6000 रुपये नकद लगे हैं. सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश युवक उनके कमरे की ओर जाता हुआ दिखाई दिया है. लालपुर पांडेयपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
ALSO READ:फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' किताब ने मचाया तहलका, पेंगुइन इंडिया को नोटिस
देशी शराब की दुकान से एक लाख से अधिक की चोरी
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के बूढ़ापुर गांव में पंचकोशी मार्ग पर स्थित एक सरकारी देशी शराब की दुकान में बीती रात लाखों की चोरी हुई. अज्ञात चोरों ने दुकान से लगभग 90 हजार रुपये नकद, 18 पेटी शराब और सीसीटीवी का डीवीआर चुरा लिया. कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है.

दुकान के सेल्समैन सनी ने बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद करके घर चला गया था. सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था. चोरों ने पहले पड़ोसी के घर का ताला तोड़ा और फिर उसकी छत के रास्ते दुकान में प्रवेश किया. उन्होंने छत पर बने एक छोटे से सुराख का इस्तेमाल कर दुकान के अंदर दाखिल हुए. अपनी पहचान छिपाने के लिए चोर दुकान में लगा सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए.



