कैंट स्टेशन के सामने से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, तीन गिरफ्तार...

वाराणसी : कैंट स्टेशन के सामने अवैध शराब के कारोबार पर कमिश्नरेट पुलिस ने करारा प्रहार किया है. अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 60 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की है. यह सफलता थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए रात्रिकालीन चेकिंग अभियान के दौरान मिली. इस संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस इन अरोपियों का नेटवर्क खंगाल रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सिगरा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस टीम देर रात कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब रखे जाने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है. बरामद शराब को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था. साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. मामले की जांच जारी है और जल्द ही इससे जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है.
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : वाराणसी में विधायक और उनके समर्थकों पर केस दर्ज, सामने आई यह वजह...
गिरफ्तार आरोपियों में लड्डु कुमार निवासी ग्राम खैरहीं पोस्टतार, थाना अगिआँव जनपद भोजपूर बिहार, कौशल कुमार निवासी ग्राम मोगलकुंआ, पोस्ट सोहसराय थाना सोहसराय जिला नालंदा बिहार और चन्देश्वर पासवान निवासी ग्राम महाननपुर थाना दीपनगर, जिला नालंदा बिहार शामिल हैं. इनके कब्जे से कुल करीब 37 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई.



