चंदन टीका मामले में पुलिस की उठक-बैठक पर भड़के अधिवक्ता, एसीपी को सौंपा ज्ञापन

वाराणसी : चौक थाना क्षेत्र में चंदन का टीका लगाने को लेकर सामने आए विवाद और तीन युवकों से कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक करवाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद शुक्ला समेत सौरभ पांडे, विवेक पांडे, विकास सिंह, दिनेश दीक्षित सहित अन्य अधिवक्ताओं ने अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) आलोक प्रियदर्शी से मुलाकात की। अधिवक्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।
ALSO READ : विनय पत्रिका रचना स्थल पर गूंजे भक्ति के सुर
ज्ञापन में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन युवकों को पुलिस की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक करते हुए दिखाया गया है। आरोप है कि इन युवकों से चंदन-टीका लगाने के विवाद को लेकर माफी मंगवाई गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत या अपराध था तो उसके लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी, न कि सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वायरल वीडियो के सार्वजनिक होने से संबंधित युवकों की सामाजिक प्रतिष्ठा, मानसिक स्थिति और परिवार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। अधिवक्ताओं ने वीडियो के प्रसार को रोकने और उसे सुरक्षित रखने के साथ घटना की जांच की मांग की है।
एसीपी आलोक प्रियदर्शी ने अधिवक्ताओं को मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब निगाह इस बात पर है कि जांच में वायरल वीडियो और उसमें नजर आ रहे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की भूमिका पर क्या निष्कर्ष सामने आता है।



