मानसून से पहले ड्रेनेज सिस्टम सुधारने सड़क पर उतरे नगर आयुक्त, जानी जमीनी हकीकत

वाराणसी: बरसात के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्ड कंदवा-19, सुसुवाही-39 और करौंदी-33 में चल रहे नाला सफाई कार्यों की जमीनी हकीकत जानी.

इस दौरान महापौर ने मानसून आने से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो. महापौर के नेतृत्व में निरीक्षण चितईपुर से शुरू हुआ, जहां मुख्य मार्ग पर स्थित बड़े नाले के साथ ही गांव के भीतर से गुजरने वाली ड्रेनेज लाइन को देखा गया. इसके बाद निगम की टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची और वहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण की स्थिति का जायजा लिया.

विकास कार्यों की समीक्षा
विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने मीरानगर एक्सटेंशन में नाले और शिव नगर कॉलोनी में तैयार हो रहे मियावाकी पद्धति के जंगल व निर्माणाधीन पार्क का भी अवलोकन किया. अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया. अधिकारियों का काफिला इसके बाद चितईपुर से कंदवा मुख्य मार्ग की ओर बढ़ा, जहां सड़क किनारे बनी गहरी नाली की सफाई व्यवस्था देखी गई. सुसुवाही वार्ड के अंतर्गत आनंदपुरम कॉलोनी में नाला सफाई की सुस्त रफ्तार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

यह भी पढ़ें: इजरायल में फंसे यूपी के 6000 श्रमिक सुरक्षित, तनावपूर्ण हालात पर टिकी योगी सरकार की नजर
अधिशासी अभियंता और उद्यान अधीक्षक मौजूद
साथ ही विश्वकर्मा नगर में बन रही आरसीसी रोड और सुसुवाही स्थित वृंदावन पोखरे के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को तय समय सीमा में काम पूरा करने की हिदायत दी गई. इस दौरान क्षेत्रिय पार्षद सुरेश पटेल, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी इंद्र विजय, जोनल स्वच्छता अधिकारी गजेंद्र सिंह सहित सिविल व जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता और उद्यान अधीक्षक मौजूद रहे.



