विवाहिता की संदिग्ध परिस्थित में मौत, परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप

वाराणसी - चितईपुर थाना क्षेत्र की गुरुदेवनगर कालोनी करमनबीर, सुसुवाही में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थित में मौत हो गई. सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है. भेलूपुर थाना क्षेत्र के सोनारपुरा के रहने वाले गोवर्धन खरवार अपनी बेटी नेहा की शादी जनवरी 2023 में गुरुदेव नगर सुसुवाही में रहने वाले रामायण खरवार के बेटे आशीष उर्फ आशु से की थी.
मृतका के भाई विवेक ने बताया कि गुरुवार की रात पौने एक बजे मां के मोबाइल पर बहन ने फोन करके बताया था कि उसके साथ मारपीट कर रहे हैं इसके बाद फोन कट गया. जिसके बाद तत्काल मायके वाले मौके पर पहुंचे जहां कमरे में पंखे से नेहा फंदे पर लटक रही थी. तत्काल मायके वालों पंखे से उतारा और ट्रामा सेंटर ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतका के भाई का आरोप है कि उसके पति सास श्वसुर ने मिलकर पिटाई के बाद उसे लटका दिया था. वहीं मौके पर पड़ोसियों ने भी बताया कि रात में महिला के चिल्लाने की आवाज आ रही थी. मृतका का पति आशीष खरवार रेलवे के लोको पायलट है. सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच और पूछताछ की. मौके पर भाई ने बताया कि मृतका के पति का मामी से संबंध होने के कारण अक्सर विवाद होता था. कुछ दिनों पहले भी बहन ने विरोध किया था तो उसकी पिटाई की गई थी. घटना के बाद मृतका के घरवाले भागने की फिराक में थे जिन्हें पड़ोस में रहने वाले फौजी संजय राय की पत्नी किरन राय ने रोक लिया. पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में ले लिया.

पेड़ से लटका मिला ऑटो चालक का शव
ALSO READ: आईआईटी, बीएचयू में डेटा और एआई लैब का उद्घाटन, सार्थक, समावेशी और सतत रोजगार के अवसर भी बनेंगे
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका पाया गया. घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी. मृतक की पहचान बच्चे लाल उर्फ बचई गोड़ (45) के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक बच्चे लाल गुरुवार रात खाना खाकर सो गए थे. सुबह जब वे नहीं दिखे, तो परिजन तलाश में निकले और घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत के किनारे बगीचे में पेड़ से उनका शव लटका हुआ पाया. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का एक पैर जमीन के काफी करीब था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या हो सकती है. कुछ ग्रामीणों का कहना है कि शव को किसी और जगह मारकर लटकाया गया है.
सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
बच्चे लाल ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी और एक पुत्र हैं. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.



