योगी सरकार के नौ साल पूरे, स्टाम्प मंत्री ने गिनाई कई उपलब्धियां...

वाराणसी: योगी सरकार के नौ साल होने पर प्रदेश सरकार के स्टाम्प और न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने आज बुधवार को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित विकास प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने "विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश" के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के विकास की चर्चा की.

करोड़ों की लागत से पूरी हुई 486 परियोजनाएं
मंत्री ने बताया कि काशी में नौ वर्षों में 35,156 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 486 परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें मार्ग, सेतु, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पर्यटन, नगर विकास और पुलिस कल्याण शामिल हैं. इसके अलावा, 17,915 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं.

127 परियोजनाएं हुई पुरी
उन्होंने कहा कि जनपद में 22,829 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 127 परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं. इसके अतिरिक्त, 5,813 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़कों और सेतुओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है. रेलवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग के निर्माण में 1,529 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है. स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 877.65 करोड़ रुपये की लागत से 34 परियोजनाएं पूरी की गई हैं.
यह भी पढ़ें: रेलवे कॉलोनियों में मिलेगी पाइप्ड नेचुरल गैस, गेल आपूर्ति पर हुआ समझौता
मंत्री ने विद्युत सुधार कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 1,100 करोड़ रुपये की लागत से शहरी विद्युत सुधार कार्य, 3722 मजरों में विद्युतीकरण और 220 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया गया है. स्वास्थ्य क्षेत्र में 1,870.36 करोड़ रुपये की लागत से 43 परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं.
उन्होंने बताया कि 6,760 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया है और 78,492 बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित किया गया है.

जनपद में 12,34,995 व्यक्तियों के आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं. मंत्री ने कहा कि जनपद में 194 एमओयू हुए हैं, जिनमें प्रस्तावित निवेश राशि 21,566.72 करोड़ रुपये है. पिछले 9 वर्षों में 30 नए डिग्री कॉलेज और 20 नए आईटीआई खोले गए हैं. इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.



