देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत

वाराणसी। काशी की देव दीपावली की भव्यता और गंगा घाटों की अलौकिक छटा विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। दशाश्वमेध घाट पर दीपोत्सव, गंगा आरती और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के बीच रूस और ब्रिटेन से आए पर्यटक भी उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान विदेशी महिला पर्यटकों ने काशी की खूबसूरती और आयोजन की जमकर सराहना की।

रूस की रहने वाली एलेना ने बताया कि वह करीब 10 साल पहले भी वाराणसी आ चुकी हैं। इस बार अपने दोस्तों को काशी की खूबसूरती और देव दीपावली की भव्यता दिखाने के लिए यहां लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल ब्रिटेन में रहती हैं। वहीं सोफिया और विक्टोरिया ने भी घाटों के माहौल और आयोजन को बेहद खूबसूरत बताया। उन्होंने कहा कि यहां की हर चीज उन्हें काफी पसंद आ रही है।
दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के समापन के बाद भी विदेशी पर्यटक घाटों की रौनक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए रुके रहे। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। काशी की धार्मिक परंपरा, उत्सव की भव्यता और लोगों के स्वागत ने विदेशी मेहमानों के लिए देव दीपावली की शाम को यादगार बना दिया।



