शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली इस बार गौमाता को समर्पित रही। शंकराचार्य घाट पर श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य में गौदेव दीपावली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से गौमाता की रक्षा, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने का संदेश दिया गया।
शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आदेशानुसार इस वर्ष की देव दीपावली गौमाता को समर्पित की गई। शंकराचार्य घाट पर दीपों और रंगोली के माध्यम से बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की सुंदर आकृति बनाई गई। इसके जरिए सनातन धर्म में गौमाता के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया।

उन्होंने बताया कि मान्यता है कि काशी में देव दीपावली के दिन भगवान शिव के साथ समस्त देवी-देवता धरती पर अवतरित होते हैं। ऐसे पावन अवसर पर 33 कोटि देवी-देवताओं की आश्रयस्थली मानी जाने वाली गौमाता की रक्षा का संकल्प लेकर सभी देवी-देवताओं को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया। आयोजन के माध्यम से सरकार से देश में गोकशी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित करने की मांग की गई।
इस दौरान शंकराचार्य जी महाराज के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सनातन धर्म में ईश्वर और गुरु का सर्वोच्च स्थान है, लेकिन घर में बनने वाली पहली रोटी ईश्वर या गुरु को नहीं, बल्कि गौमाता को समर्पित की जाती है। यह परंपरा स्वयं गौमाता के महत्व और सनातन संस्कृति में उनके स्थान को दर्शाती है।
आयोजन में उपस्थित संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौमाता के जयकारे लगाए। सभी ने एक स्वर में देश में गोकशी को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की सरकार से मांग की। इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, केके द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा, दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वैदिक विद्यार्थी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।



