सनातन की जड़ों पर प्रहार करने वाले दूर तक नहीं देख पाते, अपने भीतर के हनुमान को जगाना होगा : मनोज तिवारी

वाराणसी। भोजपुरी गायक और दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी 'मृदुल' ने कहा कि सनातन धर्म की कमियों को उजागर करना और उसकी जड़ों पर चोट करना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। सनातन धर्म के भीतर रहकर उसका विरोध करने वाले लोग बहुत दूर तक नहीं देख पाते। अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष हमेशा से चलता आया है। भगवान राम के समय रावण और भगवान कृष्ण के समय कंस भी था। आज भी अच्छाइयों और बुराइयों के बीच संघर्ष जारी है, लेकिन अच्छाइयां लगातार जीत रही हैं। उन्होंने लोगों से अपने भीतर के हनुमान को जगाने और सत्य सनातन की धारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मनोज तिवारी ने यह बातें काशी में देव दीपावली महापर्व के अवसर पर कहीं। इस दौरान उन्होंने गंगा मैया और भगवान विश्वनाथ का जयकारा लगाते हुए सभी के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि इस सुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। काशी की आध्यात्मिकता और सनातन परंपरा से जुड़ना उनके लिए सुखद अनुभव है।

दिल्ली में यमुना की स्वच्छता को लेकर किए जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि जिस तरह काशी में गंगा की स्वच्छता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, उसी तरह दिल्ली में यमुना को भी स्वच्छ बनाने का काम चल रहा है। यमुना के 60 किलोमीटर के हिस्से में से 32 किलोमीटर को इस स्थिति में लाने का दावा किया कि वहां लोग डुबकी लगा सकें और आचमन कर सकें। छह नालों को बंद किया जा चुका है, जबकि बाकी नालों को ठीक करने की तैयारी शुरू हो गई है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का यश और वैभव देश ही नहीं, पूरी दुनिया में बढ़े, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। गंगा की स्वच्छता के लिए भी निरंतर काम करने की जरूरत है। इस दौरान रोहित उपाध्याय की मौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्होंने सनातन परंपरा के संरक्षण और उसके विस्तार की बात कही। अंत में हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ अपनी बात समाप्त की।



