देवदीपावली पर वाराणसी में पर्यटकों को निशाना बनाने वाला अंतरप्रांतीय गिरोह पकड़ा, 10 महिलाओं समेत 14 गिरफ्तार

वाराणसी : देव दीपावली पर्व के दौरान काशी में उमड़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और पाकेटमारी घटनाओं को अंजाम देने पहुंचे कथित अंतरप्रांतीय गिरोह काे वाराणसी की सिगरा पुलिस ने बेनकाब किया है. पुलिस ने गिरोह के सरगना और सदस्यों समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में 10 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पर्यटकों से चोरी किए गए 57,960 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत काशी जोन के पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा की टीम ने 24 नवंबर को सोनिया चौकी क्षेत्र स्थित एनपीएस गेस्ट हाउस में दबिश देकर सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया.
भीड़ में हाथ साफ करने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही थी. इसी दौरान कथित अंतरप्रांतीय गिरोह की गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया. पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्यटकों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं करते थे. सभी आरोपी आंध्र प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं.

गिरोह में 10 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में वल्लभा यादमनि, इटा कृष्णा वेनी, समुद्राला रवानम्मा, अंगडी द्वारका, कोलावल्ली मरियम्मा, गुंटरु तरुन अनिल उर्फ चिन्माकुर्थी मदन उर्फ डूमू, पशुपुलाती लक्ष्मी, मालेल्ला साईगोपी, समुद्रालम मैरी, समुद्राला रवानम्मा, गोदावरी गुज्जी, जांपा किरन कुमार, इट्टा वेंकटेश और बोज्जागन रूद्रावीना शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में 10 महिलाएं और 4 पुरुष हैं. सभी के संबंध में विस्तृत जानकारी और आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है. सिगरा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है. इसके अलावा 57,960 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. पुलिस प्रेस नोट में इस नकदी को पर्यटकों से चोरी की गई रकम बताया गया है.
दक्षिण भारत के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं चोरी के मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के मुताबिक, गिरोह से जुड़े मामलों में वर्ष 2019, 2020 और 2021 के दौरान चोरी के कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. इनमें आंध्र प्रदेश के टंगुटुर, चिराला और राजामुंदरी-II टाउन थानों के मामले शामिल हैं. इन मुकदमों में भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत चोरी के आरोप दर्ज बताए गए हैं. पुलिस इन आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों के पुराने मामलों और अन्य संभावित गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का नेतृत्व सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने किया. टीम में उपनिरीक्षक सौरभ शाही, सलमान खान, डाली साहू, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह, जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह, जटाशंकर पांडेय, विनय चौरसिया, अनीश गौड़, तारकेश्वर गौड़ तथा महिला कांस्टेबल दीपांजलि मिश्रा और महिमा तिवारी शामिल रहीं.



