देव दीपावली 2026: काशी में जले 15 लाख दीये, भव्य छटा और ड्रोन शो के साक्षी बने लाखों लोग

वाराणसी: कार्तिक मास की पूर्णिमा पर मंगलवार की शाम काशी की धरती पर स्वर्गलोक उतरा. भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार के उपलक्ष्य में उनकी नगरी काशी ने जब देवों की विजय का पर्व देव दीपावली मनाया तो इसकी अलौकिक छटा निरखने देवगण भी स्वर्ग से धरती पर उतर आए. शाम ढलते ही 15 लाख दीयों से अद्भुत अलौकिक और दिव्य देव दीपावली गंगा घाटों पर अपनी स्वर्णिम आभा बिखरी. दीपों की दपदप, विद्युत झालरों की जगमग, सुरों की खनक, कहीं गीत-संगीत की धमक तो गगनचुंबी आतिशबाजी की चमक. लेजर शो की मनभावन आकृतियां और ड्रोन शो के बीच फूलों की सुवास तो कहीं चटकीले रंगों का वास. यह सब देश दुनिया से आए लोगों के लिए आकर्षण के केंद्र रहे. जाह्ववी के तट पर जगमग इन सितारों को देखने, कैमरों में कैद करने व दिल के एक कोने में यादें समेटने के लिए दुनिया भर से लाखों लोगों की जुटान हुई. घाट से लगायत गलियां शाम होते - होते पूरी तरह से चोक हो गईं. घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर तिल भर जगह नहीं मिली. इसे देखने के लिए 40 देशों से मेहमान पहुंचे हैं.

84 घाटों व 102 कुंडों पर भी उतरा देवलोक
देव दीपावली पर मंगलवार को आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक 84 अर्धचंद्राकार घाटों के साथ ही 102 प्राचीन कुंडों-पोखरों और गंगापार की रेती पर लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा बिखेरी. 1985 में महज छह घाटों और 8,000 दीपों से शुरू हुए इस महापर्व के सफल संचालन के लिए 15 सदस्यीय कोर समिति बनाई गई. महोत्सव का शुभारंभ नमो घाट पर मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने नमो घाट पर पहला दीप जलाकर किया. इसके साथ मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, मंत्री अनिल राजभर, महापौर अशोक तिवारी, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने दीये जलाए. इस अवसर पर आडियो गाइड का भी रिमोट के जरिए उद्घाटन किया गया. परंपरा के अनुसार, सभी 84 घाटों पर दीपदान की शुरुआत ऐतिहासिक पंचगंगा घाट स्थित 18वीं शताब्दी में निर्मित चुनार के बलुआ पत्थर वाले ‘हजारा’ दीप स्तंभ से हुई. काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह की प्रेरणा से 1986 में पुनर्जीवित इस स्तंभ के 1,000 आलों में सबसे पहले दीप जले. 40 वर्षों से पुरोहितों व मल्लाहों द्वारा संजोई इस विरासत के साये में इस बार पदाधिकारी व पर्यटक मां गंगा को साक्षी मानकर नशामुक्ति का संकल्प भी लिया.
गंगा किनारे ड्रोन और लेजर शो अद्भुत नजारा
काशी के आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिला. 2100 ड्रोनों का भव्य शो, 3D प्रोजेक्शन और ग्रीन आतिशबाजी आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे. चेत सिंह किले पर 3D प्रोजेक्शन के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, काशी की ऐतिहासिक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया. वहीं, ड्रोनों के जरिए आसमान में भगवान शिव और काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी आकर्षक आकृतियां उकेरी गई. ललिता घाट के सामने गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी का भव्य आयोजन हुआ. सभी घाटों पर गंगा आरती भी आयोजित की गई. एक लाख गोबर के दीपों के प्रज्वलन के माध्यम से गौ संवर्धन को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया. आसमान में उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय चिह्न और प्रदेश पर्यटन का लोगो ‘उत्तर प्रदेश’ जगमगाया. काशी की पहचान विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती और ‘गुरुपर्व एवं देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं’ लिखकर उत्सव का संदेश दिया गया. ड्रोन्स की सटीक जुगलबंदी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सजीव आकृतियां भी आसमान में उभरीं. शो को देखने के लिए सड़कों और छतों पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही, जिससे आयोजन को लेकर उत्साह बढ़ गया.

एयर शो की थीम पर रंगोली बनी
देव दीपावली पर घाटों देव आराधना के साथ विविध रूपों में झलकियां देखने को मिलीं. कार्तिक मास में खासकर पंचगंगा घाट पर विविध अनुष्ठान के साथ दीपदान हुआ. यहां पर कन्याओं का भी पूजन हुआ. अस्सीघाट पर एयरशो की थीम पर रंगोली बनाई गई. बूंदी परकोटा घाट पर काशी नरेश विभूतिनारायण सिंह का 12 फीट का कटआउट लगाया गया.
गंगा में ट्रैफिक जाम
देव दीपावली पर गंगा में पांच हजार से अधिक नावों, मोटरबोट, बजड़ों और क्रूज संचालन के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई. इसके बावजूद गंगा में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही. हालांकि गंगा में ट्रैफिक प्लान लागू किया गया. आठ किलोमीटर की लंबी फ्लोटिंग वाटर जेटी लगाई गई जिसने 26 घाटों को कवर किया. गंगा में तीन नए रूट बनाए गए. श्रद्धालुओं और नाव सवार पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए पहली बार जल पुलिस के कंधे पर लाल और नीली ब्लिंकर लाइटें भी लगा गई. गंगा घाट, उस पार रेती को आठ जोन और 16 सेक्टर और 32 सब सेक्टरों में बांटा की सुरक्षा इंतजाम किए गए. पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रमुख घाटों पर वॉच टावर, डीएफएमडी व एचएचएमडी के माध्यम से चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम व ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई. भीड़-भाड़ और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, क्यूआरटी, एंटी रोमियो स्क्वॉड की तैनाती की गई है. गंगा में नौका संचालन और जल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया. चेतसिंह घाट पर फ्लोटिंग पुलिस स्टेशन स्थापित किया गया.

Also Read: गुरु बाग गुरुद्वारे में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व



