देव दीपावली काशी का महापर्व, दुनिया भर के सनातनियों के आस्था का केंद्र बनी काशी - आयुष मंत्री

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली का पर्व पूरे भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मां गंगा के तट पर दीपों की अद्भुत श्रृंखला सजाई गई। काशी के विभिन्न घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाने से पूरा गंगा तट रोशनी से जगमगा उठा। आदि केशव घाट से लेकर अस्सी घाट तक दीपों की कतारों ने ऐसा अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचे।
देव दीपावली को काशी का महापर्व बताते हुए आयुष मंत्री दया शंकर मिश्र दयालु ने कहा कि कुछ वर्ष पहले कुछ मित्रों के प्रयास से शुरू हुआ यह आयोजन आज एक वैश्विक पहचान बन चुका है। यह पर्व अब केवल काशी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुनिया भर में रहने वाले सनातनियों और भारतवंशियों के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र बन गया है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवताओं की दीपावली मनाने की परंपरा काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को विशेष पहचान देती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आने के बाद से काशी की आभा में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। शहर की स्वच्छता, घाटों का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं में हुए सुधार ने काशी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। हाल ही में घाटों के किनारे बसे शहरों की स्वच्छता रैंकिंग में काशी को देश में तीसरा स्थान मिलना भी इसी बदलाव का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि काशी के घाट इस शहर की शान और पहचान हैं। दुनिया में किसी नदी के किनारे बसे शहर में घाटों की ऐसी लंबी और अद्भुत श्रृंखला देखने को नहीं मिलती। यही वजह है कि देव दीपावली के दिन काशी का हर घाट एक अलग ही छटा बिखेरता है। गंगा महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन में भी देशभर की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिसने काशी के उत्सव को और भव्य बनाया।

उन्होंने बताया कि इस बार देव दीपावली को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। लाखों की संख्या में लोग काशी की ओर खिंचे चले आए हैं। शाम ढलने के साथ जब घाटों पर एक साथ लाखों दीप प्रज्ज्वलित होंगे और उनकी रोशनी मां गंगा की लहरों पर प्रतिबिंबित होगी, तब यह दृश्य अपने आप में अद्भुत और अविस्मरणीय होगा। काशी की देव दीपावली केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, परंपरा और गौरव का ऐसा महापर्व है, जिसकी छटा दुनिया भर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।



