महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 'दीक्षोत्सव-2026' के तहत चला व्यापक स्वच्छता अभियान

वाराणसी. महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 'दीक्षोत्सव-2026' के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न विभागों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाज कार्य विभाग, शिक्षाशास्त्र विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा क्रीड़ा परिषद की ओर से परिसर में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
समाज कार्य विभाग में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और शिक्षकों ने विभाग परिसर की साफ-सफाई के साथ पेड़-पौधों के आसपास उगी खरपतवार हटाई। विद्यार्थियों को प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग और कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. वंदना सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल परिसर की सफाई नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना है। इस दौरान विभाग के कई प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
ALSO READ : कैंट स्टेशन के सामने अश्लील इशारे कर राहगीरों को परेशान करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
इसी क्रम में शिक्षाशास्त्र विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में भी स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. रमाकांत सिंह ने कहा कि स्वच्छता किसी भी संस्था, समाज और राष्ट्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार है तथा यह राष्ट्र सेवा से जुड़ा कार्य है। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए।
वहीं, क्रीड़ा परिषद ने खेल परिसर, जिमनेजियम हॉल, कार्यालय और अभ्यास स्थलों की साफ-सफाई कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान प्लास्टिक एवं अनुपयोगी वस्तुओं. का निष्पादन किया गया और परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने का कार्य किया गया। क्रीड़ा परिषद के सदस्यों ने प्रत्येक माह के शनिवार को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाने और विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, सचिव डॉ. उर्जस्विता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



