मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग और फूड प्लाजा से बदलेगी यातायात व पर्यटन की तस्वीर

वाराणसी : शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में नगर निगम वाराणसी ने बड़ा कदम उठाया है. अस्सी घाट पर मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. करीब 9.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पार्किंग से घाट क्षेत्र में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.इसके साथ ही अस्सी घाट पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए 2.14 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक फूड प्लाजा का भी निर्माण प्रस्तावित है, जो बनारसी खान-पान को नया आयाम देगा.

इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को अस्सी घाट और भदैनी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CM-VNY) के तहत बन रही इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता और
समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.
चार मंजिला बनने वाली इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण की जिम्मेदारी शासन द्वारा सीएनडीएस (Construction & Design Services) को सौंपी गई है. नगर आयुक्त ने कहा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर के बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण निगम की प्राथमिकता है. इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य अस्सी घाट क्षेत्र में वाहनों के दबाव को कम करना और पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान करना है.
ALSO READ : बूथों पर बीएलओ नहीं मिले तो होगी कार्यवाही- जिलाधिकारी
भदैनी रॉ पंपिंग स्टेशन का होगा कायाकल्प
इस दौरान नगर आयुक्त ने भदैनी स्थित रॉ पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया. उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को परिसर के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास का कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन से जुड़े केंद्रों का स्वरूप स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक होना चाहिए. इस अवसर पर मुख्य अभियंता सिविल, महाप्रबंधक जलकल, सीएनडीएस के अवर अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.



