नाबालिग से पैथोलॉजी में दुष्कर्म, 6 साल तक ब्लैकमेल करने वाले आरोपी 'चाचा' पर मुकदमा

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. पड़ोस में रह रहे कलयुगी मुंहबोले 'चाचा' ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए एक नाबालिग छात्रा को अपने वहशीपन का शिकार बनाया और लोक-लाज का फायदा उठाकर पिछले 6 सालों तक उसे ब्लैकमेल करता रहा. पीड़िता की शादी होने के बाद जब इस खौफनाक राज से पर्दा उठा, तो पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार यह मामला मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की एक गांव की 6 वर्ष पूर्व 2019 की है, जब पीड़िता कक्षा 10वीं में पढ़ती थी. आरोप है कि छात्रा जब कोचिंग गई हुई थी, और कोचिंग खुलने का इंतजार कर रही थी, तभी उसके मुंहबोले आरोपी चाचा दशरथ पटेल ने उसे बहला-फुसलाकर अपने पैथोलॉजी सेंटर पर बुलाया और छात्रा की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. शुरुआत में बदनामी और लोक-लाज के डर से सहमी हुई छात्रा ने यह खौफनाक दास्तान अपने परिवार में किसी को नहीं बताई.
छात्रा की इसी खामोशी का फायदा उठाकर आरोपी दशरथ पटेल ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आरोपी पीड़िता को समाज में बदनाम करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा. यह सिलसिला साल 2019 से शुरू होकर साल 2025 तक लगातार चलता रहा और पीड़िता घुट-घुट कर इस जुल्म को सहती रही.
ALSO READ: मजदूर की मौत में यूटर्न, पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से कर दी यह मांग
हिम्मत जुटाई, पति को बताई
समय बीतने के साथ इसी साल अप्रैल 2026 में युवती की शादी हो गई ससुराल पहुँचने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने जीवन की इस सबसे दर्दनाक सच्चाई को अपने पति के सामने साझा किया. पत्नी की आपबीती सुनकर पति ने उसका पूरा साथ दिया और न्याय की लड़ाई लड़ने का फैसला किया. पीड़ित युवती के पति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीधे पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. इस मामले में पुलिस उपायुक्त के सख्त निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने आरोपी मुंहबोला चाचा दशरथ पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (चूंकि पीड़िता 2019 में नाबालिग थी) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस मामले थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपी दशरथ पटेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.



