नगर निगम-बीएलडब्ल्यू के बीच कचरा प्रबंधन पर एमओयू, वाराणसी में बनेंगे मियावाकी वन...

वाराणसी: शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के लिए नगर निगम वाराणसी और बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्ल्यू) के बीच सोमवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और बीएलडब्ल्यू के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने बीएलडब्ल्यू परिसर में आयोजित बैठक के दौरान एमओयू का आदान-प्रदान किया . इस पहल से वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का रास्ता साफ होगा.
बैठक में बीएलडब्ल्यू परिसर से प्रतिदिन निकलने वाले ठोस अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन के साथ शहर में स्वच्छता और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए. एफसीआई मार्ग के किनारे खाली पड़ी भूमि को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जाएगा तथा पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा.
इसके अलावा नाथूपुर क्रॉसिंग की ओर जाने वाली बीएलडब्ल्यू की बाउंड्री से सटे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर चौड़ीकरण और विकास का प्रस्ताव मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत शासन को भेजने का निर्णय लिया गया.
बैठक में पर्यावरण संरक्षण और भूजल संवर्धन पर भी विशेष जोर दिया गया. इसके तहत बीएलडब्ल्यू परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मियावाकी वन विकसित किए जाएंगे तथा जल संरक्षण के लिए वॉटर रिचार्ज पिट बनाए जाएंगे. इसके लिए जल्द ही उपयुक्त स्थलों का चयन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी.
ALSO READ:वाराणसी जनपद की सब जूनियर बास्केटबॉल टीम राज्य चैम्पियनशिप के लिए मेरठ रवाना...
दोनों संस्थाओं ने विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए समय-समय पर समन्वय बैठकें आयोजित करने का भी निर्णय लिया.अधिकारियों का कहना है कि यह संयुक्त पहल वाराणसी में स्वच्छता, हरित विकास और सतत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.



