मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव नहीं रहे, 38 वर्ष की उम्र में निधन

लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. वह 38 वर्ष के थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है, हालांकि बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे.
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव फेफड़ों और नसों से जुड़ी बीमारी का इलाज करा रहे थे. कुछ दिन पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था. निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई. समाजवादी पार्टी समेत कई दलों के नेताओं और समर्थकों ने दुख जताया है.
वाराणसी के कैबिनेट मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भी सोशल मीडिया के जरिए प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने अपने संदेश में शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
ALSO READ:पीएम मोदी के बयान पर वाराणसी के सर्राफा व्यापारियों ने जताई चिंता...
प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे और फिटनेस व कारोबार की दुनिया में सक्रिय थे. लखनऊ में उनका जिम और प्रॉपर्टी से जुड़ा कारोबार बताया जाता है. सोशल मीडिया पर भी उनकी फिटनेस और लाइफस्टाइल को लेकर काफी चर्चा होती रहती थी.
फिलहाल परिवार की ओर से अंतिम संस्कार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है..वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.



