पीएम मोदी के बयान पर वाराणसी के सर्राफा व्यापारियों ने जताई चिंता...

वाराणसी: चौक थाना क्षेत्र स्थित रेशम कटरा में स्वर्ण व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को लेकर चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक सोना खरीदारी न करने की बात कही थी. इस बयान के बाद सर्राफा व्यापारियों में चिंता का माहौल देखने को मिला. व्यापारियों का कहना है कि यदि सोने की खरीदारी प्रभावित होती है तो इसका सीधा असर स्वर्ण कारोबार से जुड़े लाखों लोगों की आजीविका पर पड़ेगा.
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने कहा कि सोने का कारोबार केवल बड़े व्यापारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे छोटे दुकानदार, कारीगर, ज्वेलरी डिजाइनर और सोनार समाज के हजारों परिवार जुड़े हुए हैं.व्यापारियों के अनुसार यदि बाजार में खरीदारी कम होती है तो सबसे अधिक असर छोटे व्यापारियों और कारीगरों पर पड़ेगा, जिन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
ALSO READ:बीएचयू मालवीय चौराहे पर सफाईकर्मियों का हंगामा...
व्यापारियों ने यह भी कहा कि भारतीय समाज में सोना केवल निवेश का माध्यम नहीं बल्कि परंपरा और संस्कृति का भी अहम हिस्सा है. शादी-विवाह, त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में सोने की खरीदारी का विशेष महत्व होता है. ऐसे में सोने की खरीदारी को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बन सकती है.
स्वर्ण व्यापार मंडल के सदस्यों ने सरकार से व्यापारियों और कारीगरों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की. बैठक के दौरान व्यापारियों ने बाजार की स्थिति को संतुलित बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि व्यापार और रोजगार दोनों प्रभावित न हों.
बैठक में रवि सर्राफ, कमल कुमार सिंह, बिष्णु दयाल सेठ, किशोर सेठ, ईश्वर दयाल समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे.



