बीएचयू मालवीय चौराहे पर सफाईकर्मियों का हंगामा...

वाराणसी : बीएचयू स्थित मालवीय प्रतिमा चौराहे के पास बुधवार को नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. विरोध जताने के लिए कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा बिखेर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के चलते लंका क्षेत्र के कई हिस्सों में गंदगी फैल गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों का कहना था कि वे प्रतिदिन सुबह से शाम तक पूरे शहर को स्वच्छ रखने का काम करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है. कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अन्य विभागों के कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जा रहा है, जबकि सफाईकर्मियों के वेतन में कटौती की जा रही है. उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई में कम वेतन पर परिवार चलाना बेहद मुश्किल हो गया है.
सफाईकर्मियों ने कहा कि वे हर मौसम में मेहनत कर शहर की सफाई व्यवस्था संभालते हैं और नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है.
ALSO READ:बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर भव्य आयोजन, नर्सों ने ली सेवा की शपथ...
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कई मौकों पर सफाईकर्मियों का सम्मान कर चुके हैं, लेकिन उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ही सफाईकर्मियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और वेतन में बढ़ोतरी नहीं की गई, तो वे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप करने को मजबूर होंगे. प्रदर्शन के चलते कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.



