नाला सफाई में लापरवाही पर नगर निगम सख्त, फर्म पर 50 हजार का जुर्माना…

वाराणसी: मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए चल रहे नाला सफाई अभियान में लापरवाही मिलने पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को सुंदरपुर, साकेत नगर, संकट मोचन और नरिया क्षेत्र के नालों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित फर्म अध्या ट्रेडर्स पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अवर अभियंता पंकज पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए.
नगर आयुक्त ने सुंदरपुर सब्जी मंडी स्थित पुलिया और मछली मंडी के पीछे नाले का निरीक्षण किया, जहां नाला सिल्ट, झाड़-झंखाड़ और उगी वनस्पतियों से भरा मिला. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि पूर्व में कई बार नालों की तली तक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन कार्य में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है.
ALSO READ : 24 घंटे में मुंबई से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा किशोर, जैतपुरा पुलिस ने परिजनों को सौंपा...
इसके बाद साकेत नगर पुलिया, संकट मोचन पुलिया और गांधीनगर कॉलोनी स्थित नरिया नाले के निरीक्षण में भी खामियां मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई. नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि नाला सफाई की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता आगम कटियार, सहायक अभियंता कपीश बुधौलिया, विभागीय अवर अभियंता और संबंधित सफाई निरीक्षक भी मौजूद रहे.



