24 घंटे में मुंबई से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा किशोर, जैतपुरा पुलिस ने परिजनों को सौंपा...

वाराणसी: जैतपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय गुमशुदा किशोर को मुंबई से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. पुलिस ने यह सफलता मुकदमा दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर हासिल की.
जानकारी के अनुसार, 3 जून को एक व्यक्ति ने जैतपुरा थाने में सूचना दी कि उसका 16 वर्षीय नाबालिग भाई 31 मई को बिना बताए घर से कहीं चला गया है और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका. शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे गुमशुदा बच्चों की तलाश अभियान के तहत थाना जैतपुरा की टीम को किशोर की तलाश में लगाया गया. थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य संसाधनों की मदद से किशोर की लोकेशन का पता लगाया.
ALSO READ :काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालु की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप...
जांच के दौरान पता चला कि किशोर मुंबई में मौजूद है. इसके बाद पुलिस टीम ने समन्वय स्थापित कर उसे सकुशल बरामद कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी चौकाघाट उपनिरीक्षक प्रशांत शिवहरे, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह तथा कांस्टेबल इंदल चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर परिजनों ने राहत व्यक्त करते हुए टीम का आभार जताया.



