काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालु की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप...

वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के दौरान एक श्रद्धालु की तबीयत अचानक बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक राजस्थान के जयपुर निवासी रामप्रकाश शर्मा बताए गए हैं, जो अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी आए थे. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
परिजनों के अनुसार, रामप्रकाश शर्मा अपनी पत्नी और नाती गगन शर्मा के साथ मंगलवार को जयपुर से वाराणसी पहुंचे थे. परिवार एक होटल में ठहरा हुआ था और बुधवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा. दर्शन के लिए लगी कतार में खड़े रहने के दौरान अचानक रामप्रकाश शर्मा को चक्कर आ गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े.
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक के नाती गगन शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर दवाएं और आवश्यक उपचार उपलब्ध नहीं कराया गया. उनका कहना है कि मरीज की हालत गंभीर होने के बावजूद चिकित्सकों ने पर्याप्त तत्परता नहीं दिखाई, जिसके कारण उनके नाना की जान नहीं बच सकी. उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
ALSO READ : वाराणसी में बेटी ने निभाया बेटे का फर्ज, पिता को दी मुखाग्नि...
वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज को गंभीर अवस्था में लाया गया था और चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार किया गया. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, इस घटना के बाद काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.



