देव दीपावली पर गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश, "शौर्य सम्मान" से सम्मानित होंगे शहीद परिवार

वाराणसी: महादेव की नगरी काशी में आयोजित होने वाला देव दीपावली सिर्फ दीपों की रोशनी और आध्यात्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करने का अवसर भी है. दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से इस वर्ष भी शहीदों के सम्मान की परंपरा निभाई जाएगी, कारगिल विजय के बाद वर्ष 1999 से शुरू हुई इस पहल के तहत इस बार चार शहीदों के परिवारों को मरणोपरांत भागीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. इनमें दो सीआरपीएफ और दो आरपीएफ के जवानों के परिवार शामिल हैं. सम्मान के साथ परिवारों को सम्मान राशि भी प्रदान की जाएगी.

जानिए क्यों जलाए जाते है आकाशदीप
गंगा सेवा निधि की इस पहल के तहत हर साल कार्तिक मास की शुरुआत से ही देश के अमर वीर जवानों के नाम पर आकाशदीप जलाए जाते हैं. पूरे एक महीने तक गंगा तट पर जलने वाले ये दीप उन सैनिकों की स्मृति और उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक हैं, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए. कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली के दिन शहीदों के परिजनों को आमंत्रित कर सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने की परंपरा को निभाया जाता है. गंगा सेवा निधि के संस्थापक और इस परंपरा की परिकल्पना करने वाले लोगों का उद्देश्य काशी के आध्यात्मिक आयोजन को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना था.

Also Read: काशी में देव दीपावली की भव्य तैयारी, लाखों दीपक से जगमगाएगे 84 गंगा घाट
इस विचार को आगे बढ़ाते हुए 39 जीटीसी में तत्कालीन सैन्य अधिकारियों और सहयोगियों के साथ विचार-विमर्श किया गया. तय हुआ कि शहीदों के सम्मान से जुड़ा आयोजन सेना के नियमों और मर्यादाओं के अनुरूप होगा. किसी भी अमर वीर के बलिदान और उसके परिवार के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, इसके बाद दशाश्वमेध घाट से शुरू हुई यह पहल आज देव दीपावली की विशिष्ट पहचान का हिस्सा बन चुकी है. जहां एक ओर गंगा के घाटों पर दीपदान, पूजा-पाठ और गंगा आरती के जरिए आध्यात्मिक वातावरण बनता है, वहीं दूसरी ओर शहीद परिवारों का सम्मान नई पीढ़ी को देश के प्रति कर्तव्य और समर्पण का संदेश देता है.

देव दीपावली पर पधारेंगे देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु
काशी की देव दीपावली में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में गंगा सेवा निधि का यह आयोजन उत्सव को एक अलग भावनात्मक और राष्ट्रीय पहचान देता है. दीपों की जगमगाहट के बीच जब शहीदों के परिजन सम्मान ग्रहण करते हैं तो घाट पर मौजूद लोगों के लिए यह पल आस्था के साथ कृतज्ञता का भी बन जाता है. इस तरह काशी से देवत्व, अध्यात्म और राष्ट्रभक्ति का संदेश एक साथ प्रसारित होता है.



