वाराणसी में मस्जिद पर मानक से अधिक लगे लाउडस्पीकर उतारे गए, HC के आदेश पर कार्रवाई

वाराणसीः मस्जिद पर मानक से अधिक संख्या में लगे लाउडस्पीकरों को पुलिस ने उतरवा लिया. ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से पुलिस ने इस तरह की बड़ी कार्रवाई की है. भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा चौकी पुलिस ने रविवार की दोपहर एक बजे कार्रवाई करते हुए नूर नगर स्थित देव पोखरी की नोमानिया मस्जिद से मानक से अधिक संख्या में लगे लाउडस्पीकरों को उतरवा दिया.

मस्जिद पर लगे लाउडस्पीकर को लेकर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मौके से उतारे गए इन ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जब्त कर सीज कर लिया है.
बजरडीहा चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे के अनुसार, शासन और उच्च न्यायालय द्वारा धार्मिक स्थलों व सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए स्पष्ट मानक निर्धारित किए गए हैं. इन आदेशों के तहत किसी भी स्थल पर निर्धारित संख्या और तय डेसिबल से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध है. इसी सिलसिले में भेलूपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बजरडीहा चौकी क्षेत्र के नूर नगर (देव पोखरी) स्थित नोमानिया मस्जिद में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए अधिक संख्या में लाउडस्पीकर लगाए गए हैं.

पुलिस कब्जे में कई लाउडस्पीकर
सूचना पर मौके पर पहुंचकर निरीक्षण के दौरान मस्जिद परिसर में मानक से अधिक लाउडस्पीकर लगे हुए पाए गए. मौके पर मौजूद मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों व संबंधित लोगों को उच्च न्यायालय के आदेशों और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई. इसके बाद पुलिस की देखरेख में मानक से अतिरिक्त लगे सभी लाउडस्पीकरों को नीचे उतरवाया गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने उतारे गए सभी अतिरिक्त लाउडस्पीकरों को अपने कब्जे में ले लिया. चौकी प्रभारी ने बताया कि नियमानुसार इन ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जब्त कर विधिवत रूप से सीज करने की कार्रवाई की गई है. स्थानीय लोगों और मस्जिद से जुड़े जिम्मेदारों ने भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग किया.

Also Read: अकवान के असर से बदला मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी ने बढ़ाई बनारस में ठिठुरन



