वाराणसी में साइबर ठगों के बैंक खाता गैंग का भंडाफोड़, महिला सरगना और पोस्टमैन समेत 6 गिरफ्तार...

वाराणसी. सिगरा थाना पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने प्रदेशव्यापी अभियान 'ऑपरेशन Cy-Vazra' के तहत साइबर अपराधियों के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला सरगना और बैंक किट की डिलीवरी कराने वाले पोस्टमैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में कूटरचना कर वाराणसी के विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था और बाद में बैंक किट साइबर ठगों को बेच देता था।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान आरोपियों को रविवार को महमूरगंज स्थित ओम पब्लिक स्कूल तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ सिगरा थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के अनुसार गिरोह पहले लोगों को कुछ रुपये का लालच देकर उनके आधार कार्ड में दर्ज स्थायी पते में कूटरचना कर उन्हें सिगरा क्षेत्र का निवासी दर्शाता था। इसके बाद फर्जी आधार कार्ड के आधार पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। बैंक की चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड डाक से पहुंचने से पहले गिरोह का सदस्य पोस्टमैन से संपर्क कर बैंक किट हासिल कर लेता था। फिर मोबाइल सिम के साथ इन्हें पैक कर कूरियर के जरिए साइबर अपराधियों तक पहुंचा दिया जाता था।
ALSO READ : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को, कैप्टन बी.के. त्यागी होंगे मुख्य अतिथि...
पुलिस जांच में बरामद बैंक पासबुक और चेकबुक के आधार पर बिहार, कर्नाटक, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, महाराष्ट्र, असम, मणिपुर समेत विभिन्न राज्यों में दर्ज 21 साइबर ठगी की शिकायतों का पता चला है। इन मामलों में कुल ₹76,44,476.97 की साइबर धोखाधड़ी की गई है।
आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की चार चेकबुक, तीन सीलबंद चेकबुक, तीन सीलबंद डेबिट कार्ड, 11 पासबुक, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड और तीन कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र कुमार कन्नौजिया के खिलाफ जौनपुर के लाइन बाजार थाने में साइबर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट का मुकदमा पहले से दर्ज है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।



