मेहनत की कमाई से पढ़ाया, आबकारी विभाग में सिपाही बनते ही बदला पत्नी का रवैया

वाराणसी : मेहनत की कमाई से पत्नी को पढ़ाकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने और आबकारी विभाग में महिला सिपाही बनने तक सहयोग करने वाले पति ने अब प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप लगाया है. पति के प्रार्थना पत्र पर अदालत के आदेश के बाद शिवपुर पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पति का आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह उसे मजदूर कहकर नीचा दिखाने लगी.
शिकायत में माता प्रसाद यादव ने बताया कि उनकी शादी मई 2011 में ममता यादव से हुई थी. उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से पत्नी की पढ़ाई कराई. ममता को बीए, एमए और बीएड की शिक्षा दिलाने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी पूरा सहयोग किया. आरोप है कि वर्ष 2022 में ममता का प्रयागराज में आबकारी विभाग में महिला सिपाही के पद पर चयन हो गया. पति का आरोप है कि नौकरी मिलने के बाद ममता के व्यवहार में बदलाव आया.
वह कथित तौर पर उन्हें मजदूर कहकर अपमानित करने लगीं और पद का रौब दिखाकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगीं. शिकायत के अनुसार जनवरी 2024 में ममता घर से 48 हजार रुपये और आभूषण लेकर चली गईं. माता प्रसाद ने इसका विरोध किया तो उन्हें और परिवार के सदस्यों को जेल भिजवाने की धमकी दी गई.
माता प्रसाद का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत शिवपुर थाने में की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत की शरण ली. अदालत में दाखिल याचिका पर सुनवाई के बाद एसीजेएम के निर्देश पर शिवपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की.
ALSO READ: शास्त्रीघाट पर भूख हड़ताल के तीसरे दिन बृजेश मिश्रा की बिगड़ी तबीयत, प्रदर्शनकारियों में बढ़ी चिंता
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि ममता यादव, उनके पिता नखड़ू समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



