वाराणसी में छत से गिरकर ओडिशा की छात्रा की मौत, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

वाराणसी : लोहता के धन्नीपुर गांव स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रविवार रात 12वीं की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में छत से नीचे गिर गई. गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले कोरौता-गोपालपुर स्थित सेंट मैरिज अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर कर दिया. इलाज के दौरान सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई. पुलिस आत्महत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
मृतका की पहचान ओडिशा के राउरकेला के बिसरा थाना क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी बेनीड एक्का की 18 वर्षीय बेटी अनामिका एक्का के रूप में हुई. वह धन्नीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर चांदपुर स्थित एक कॉलेज में 12वीं की पढ़ाई कर रही थी. रात वह हॉस्टल के पीछे की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई. घटना की जानकारी मिलने पर हॉस्टल की वार्डन उसे तत्काल अस्पताल ले गईं.

हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया.
सूचना मिलने पर छात्रा के पिता भी थाने पहुंचे. उन्होंने पुलिस से किसी तरह की कार्रवाई नहीं करने की बात कही. उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी भी इसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर चुकी है. घटना की जानकारी पर एडीसीपी वरुणा जोन, एसीपी रोहनिया और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और जांच की. पुलिस ने छात्रा के कमरे से एक छोटा बैग और कुछ किताबें कब्जे में लेकर जांच शुरू की है. फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.
ALSO READ : मेहनत की कमाई से पढ़ाया, आबकारी विभाग में सिपाही बनते ही बदला पत्नी का रवैया
थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को कब्जे में लेकर फुटेज की जांच की जा रही है. हॉस्टल की वार्डन से भी पूछताछ की गई है. पुलिस छात्रा के छत से गिरने के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.



