नीट पेपर लीक जांच में BHU कनेक्शन, इन पर टिकी एजेंसियों की नजर

BHU connection in NEET paper leak investigation, agencies keeping an eye on them
वाराणसी: नीट पेपर लीक मामले की जांच अब आईएमएस बीएचयू तक पहुंच गई है. संस्थान के दो छात्रों पर जांच एजेंसियों की नजर है. दोनों छात्रों के राजस्थान के सीकर स्थित उसी कोचिंग संस्थान से जुड़े होने की बात सामने आई है, जहां कथित तौर पर आरोपी बिवाल परिवार के बच्चों ने भी तैयारी की थी.सूत्रों के अनुसार, सत्र 2025-26 में दाखिला लेने वाले एक छात्र एमबीबीएस और एक छात्रा बीएएमएस की पढ़ाई कर रही है. जांच एजेंसियां इनके प्रवेश और परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं.

फीस वापसी का दावा
केंद्र सरकार ने आईएमएस-बीएचयू समेत कई मेडिकल कॉलेजों से संदिग्ध छात्रों का विवरण मांगा है. बताया जा रहा है कि संबंधित कोचिंग संस्थान चयन न होने पर फीस वापसी का दावा करता था. इसी संस्थान से जुड़े कुछ छात्रों का चयन पिछले वर्ष विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में हुआ था. सीबीआई की संभावित कार्रवाई को देखते हुए आईएमएस-बीएचयू प्रशासन भी सतर्क हो गया है.

सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध छात्रों की प्रवेश फाइलें और अन्य दस्तावेज अलग सुरक्षित रखे गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराया जा सके. सीबीआई ने जयपुर के बिवाल परिवार के दो भाइयों और एक भतीजे को इस मामले में गिरफ्तार किया है. परिवार के पांच बच्चों का दाखिला पिछले वर्ष सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हुआ था. इनमें एक आरोपी दिनेश की बेटी वर्तमान में आईएमएस-बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में अध्ययनरत बताई जा रही है.

Also Read: दिल्ली में प्रचंड गर्मी का वार, शुरू हुआ लू का प्रकोप
सीबीआई जांच में यह भी सामने आया है कि केमिस्ट्री और बायोलॉजी प्रश्नपत्र लीक का स्रोत परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोग ही थे. एजेंसी ने देशभर में छह स्थानों पर छापेमारी कर कई दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए हैं. अब तक मामले में कुल नौ गिरफ्तारी हो चुकी हैं. इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में दो संयुक्त सचिव और दो संयुक्त निदेशकों की नियुक्ति की गई है.



