काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ सोमवार को कमच्छा परिसर स्थित हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षा संकाय के शिक्षकगण, कार्यालय के कर्मचारी तथा नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना में सहभागिता कर नए सत्र की मंगलकामना की।

पूजा-अर्चना के बाद शिक्षा संकाय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग स्थलों पर अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य उद्घाटन सत्र की शुरुआत माँ सरस्वती एवं महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा संकाय के अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही महामना के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
ALSO READ: सड़क पार कर रही महिला को बस ने कुचला, मौके पर मौत
कार्यक्रम का संयोजन छात्र सलाहकार डॉ. सोमू सिंह ने किया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा संकाय की शैक्षणिक परंपराओं, संस्थागत मूल्यों, उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम सुविधाओं तथा विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इन संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में शिक्षा संकाय के शिक्षकगण, कार्यालय के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।



