काशी में और बढ़ेगी 'नंदी रथ' की संख्या, इन मार्गों पर चलाने की योजना...

वाराणसी : नगर निगम और स्मार्ट सिटी के सहयोग से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले भक्तों के लिए गोल्फ कार्ट सेवा का विस्तार करने की योजना है. इस गोल्फ कोर्ट को 'नंदी रथ' नाम दिया गया है. अभी बेनियाबाग, मैदागिन, गोदौलिया से मंदिर के गेट नंबर चार तक 25 नंदीरथ चल रहे हैं. आने वाले दिनों में संख्या बढ़ाई जाएगी. इसमें यातायात विभाग का सहयोग लिया जाएगा.
स्मार्ट सिटी की देखरेख में चल रहे नंदीरथ को आने वाले दिनों में सोनारपुरा, रथयात्रा, कैंट, बीएचयू, छावनी आदि क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा. चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे.
मैदागिन और गोदौलिया से गेट नंबर चार का किराया 10 रुपये है. जो लोग मैदागिन से गेट नंबर चार होकर गोदौलिया जाएंगे उनका किराया 20 रुपये है. बेनियाबाग से मंदिर जाने वालों को 20 रुपये है. इसके अलावा पांच साल तक के बच्चे, दिव्यांग और 70 साल के वरिष्ठ नागरिकों का किराया निशुल्क है. अभी सुबह 5 से रात के 9 बजे तक नंदीरथ चलाए जा रहे हैं. ई-रिक्शा व अन्य वाहनों से मंदिर जाने वालों को पीडीआर, गोदौलिया चौराहे और मैदागिन पर रोक दिया जाता है.
ALSO READ : सावन से पहले शिवमय हुई काशी, ‘बोलबम’ के जयघोष के बीच कांवड़ियों का आगमन शुरू...
वर्तमान में दो तरह के नंदीरथ हैं. एक में 6 लोगों के बैठने की क्षमता और दूसरे में 9 लोगों की. काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है. इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक नंदीरथ की सुविधा शुरू की गई है. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्मार्ट सिटी की देखरेख में अभी 25 नंदीरथ चलाए जा रहे हैं. आने वाले दिनों में चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद इनकी संख्या बढ़ेगी और दायरा बढ़ाया जाएगा.



