सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली

वाराणसी : लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण द्वारा परिक्षेत्रीय कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए.
इस अवसर पर डीआईजी द्वारा उपस्थित समस्त शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई.
साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के एकीकरण में अतुलनीय योगदान एवं दूरदर्शी नेतृत्व का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया.

कमिश्नरेट में दिलाई गई शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन के डीसीपी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा कार्यालय में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई. सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का संकल्प लिया. इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया. उनके दृढ़ नेतृत्व एवं दूरदर्शिता से देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्राप्त हुआ. इस अवसर पर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया.

सीआरपीएफ में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन
वाराणसी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 95वी बटालियन द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में अत्यंत गर्व, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कमांडेट राजेश्वर एस. बालापुरकर द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने की राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई गई.
ALSO READ : सरदार पटेल जयंती: रन फॉर यूनिटी में एकता का संदेश, विद्यार्थियों और रेलकर्मियों ने लगाई दौड़
कमांडेंट ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ इच्छाशक्ति और सूझबूझ से देश की रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया था. सीआरपीएफ हमेशा देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए अग्रिम मोर्चे पर तैनात रहती हैं . हमे 'सेवा और निष्ठा' के अपने आदर्श वाक्य को आत्मसात करते हुए देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना होगा.



