लौह पुरुष की जयंती पर वाराणसी में छात्र-छात्राओं ने निकाली ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली, दिया संदेश

वाराणसी : लौह पुरुष के रूप में विख्यात सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के पावन अवसर पर वाराणसी में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए एक भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया. विकास इंटर कॉलेज परमानंदपुर के बैनर तले निकाली गई इस विशाल तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. हाथों में तिरंगा थामे बच्चों के भारत माता की जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा.
मंत्री और चेयरमैन ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, कॉलेज के चेयरमैन अशोक सिंह और विशिष्ट अतिथि आशा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पण कर किया. इसके पश्चात अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर विकास इंटर कॉलेज से बड़ालालपुर स्टेडियम तक जाने वाली इस ऐतिहासिक तिरंगा रैली को रवाना किया.
रैली के दौरान मार्ग में विद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं पुष्प वर्षा कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते नजर आए. यात्रा में लगभग 13,000 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जो कि एकता के इस महाअभियान में युवाओं की भारी भागीदारी का गवाह बना.

अखंड भारत का निर्माण करने वाले महानायक थे पटेल
मुख्य अतिथि के रूप में छात्र-छात्राओं और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि जब देश को आजादी मिली थी, तब भारत लगभग 500 से अधिक अलग-अलग रियासतों और खंडों में बिखरा हुआ था. ऐसे कठिन समय में सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अद्भुत राजनीतिक दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से इन सभी बिखरी रियासतों को एकता के मजबूत सूत्र में पिरोकर एक अखंड भारत का निर्माण किया.
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि देश की युवा पीढ़ी को हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के संघर्षों के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने विद्यालय के चेयरमैन अशोक सिंह से विशेष अनुरोध किया कि बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रगाढ़ करने के लिए हर साल सरदार पटेल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पूरे एक महीने तक उनकी जीवनी पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना चाहिए, जिससे छात्र उनके महान व्यक्तित्व से प्रेरणा ले सकें.
ALSO READ : वाराणसी सहित पूर्वांचल में अर्नब चक्रवात का प्रभाव, सुबह से बरसात, तेज हवाओं से फसल को नुकसान
हर साल होगी महीने भर प्रतियोगिताएं
मुख्य अतिथि मंत्री अनिल राजभर के इस प्रेरणादायक सुझाव पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए विकास इंटर कॉलेज के चेयरमैन अशोक सिंह ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार मंत्री जी के इस प्रस्ताव का पूर्ण समर्थन करता है और अब से हर साल सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे महीने उनकी जीवनी और आदर्शों पर आधारित विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इन आयोजनों में वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला, भाषण और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां शामिल होंगी, जिससे विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन दर्शन को करीब से जानने और समझने का अवसर मिल सके. रैली के समापन पर स्टेडियम पहुंचे बच्चों और शिक्षकों ने देश की एकता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया.



