एमएससी छात्रा श्रेया हत्याकांड में मुख्य आरोपी का साथी गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली

वाराणसी : जगतपुर महाविद्यालय की एमएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में कमिश्नरेट की राजातालाब पुलिस और एसओजी को बड़ी कामयाबी हािसल हुई है. हत्या की साजिश में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार की सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पर फायरिंग कर भागने के दौरान जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया. उसे अस्पताल लाया गया.
आरोपी की पहचान मऊ निवासी पुनीत मिश्रा के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपी श्रेया हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे का साथी निकला. जांच में पता चला कि श्रेया की हत्या के लिए मुख्य आरोपी विवेक चौबे ने 22 लाख रुपये देने का वादा किया था. हालांकि परिवार ने पुलिस की कहानी और आरोपी को पहचानने से इनकार कर दिया है. मुठभेड़ में घायल पुनीत मिश्रा के पास से पुलिस ने 315 बोर का असलहा, कुछ जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं. कार्रवाई के दौरान स्पलेंडर बाइक सवार एक अन्य अपराधी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया. पुलिस को यह सफलता सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद मिली.
डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपी पुनीत मिश्रा भी घटनास्थल पर मौजूद रहा. उसे मकान की छत पर टहलते हुए देखा गया था. इस संगीन घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी विवेक चौबे बाइक से अपने मामा के घर चुनार, मिर्जापुर भाग गया था जबकि आरोपी पुनीत कैब से निकला था. करीब 150 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद पुलिस ने कैब चालक का पता कर लिया और कैब चालक द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर से पुनीत के बारे में पुलिस को अपडेट मिला.

उधर, हत्यारोपी विवेक चौबे लगातार लोकेशन बदल रहा है. वारदात के चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं और तलाश जारी है. घटना के बाद से मुख्य आरोपी का मोबाइल बंद है. वह लगातार ठिकाने बदल रहा है. उसके रिश्तेदारों, परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. एसओजी समेत चार टीमें लगाई गई हैं. इसके बावजूद आरोपी का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. आसपास के इलाकों में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है. कुछ फुटेज में आरोपी के दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस अब घटना से पहले और बाद की उसकी गतिविधियों को जोड़कर संभावित रास्ते तलाश रही है.
विवेक चौबे की तलाश आसपास के छह जिलों के अलावा दो राज्यों में भी की जा रही है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ जमीनी स्तर पर मिली जानकारी को जोड़कर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
कालेज से घर नहीं लौटी श्रेया
राजातालाब थाना क्षेत्र के मरूई गांव निवासी सुनील उपाध्याय की एकलौती पुत्री श्रेया 18 अगस्त को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी. शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ के बाद पुलिस को सूचना दी गई. मोबाइल लोकेशन से बच्छांव का पता चला. इसी दौरान विवेक चौबे का नाम सामने आया. वह रोहनिया के बच्छांव में किराए के कमरे में रहता था और श्रेया से उसका पहले से परिचय बताया गया है.
कमरे की चाबी मिली, ताला खोला तो बाथरूम में मिला शव
परिजनों ने विवेक के बारे में जानकारी जुटाई तो उसके ननिहाल मिर्जापुर के सीखड़ क्षेत्र के भुआलपुर गांव तक पहुंचे. वहां उसके नहीं मिलने पर कमरे की चाबी के बारे में जानकारी मिली. चाबी लेकर परिजन बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचे. ताला खोलते ही अंदर तेज दुर्गंध आई. बाथरूम में श्रेया का शव पड़ा मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या की जांच शुरू की.
नीट की तैयारी करना चाहती थी, घर से दूर भेजना नहीं चाहते थे माता-पिता
परिजनों के मुताबिक, श्रेया नीट की तैयारी कर मेडिकल की पढ़ाई करना चाहती थी. माता-पिता उसे पढ़ाई के लिए बाहर भेजने के पक्ष में नहीं थे. इसके बाद उसने वाराणसी में जगतपुर पीजी कॉलेज में दाखिला लिया था. वह एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी. बेटी की पढ़ाई और भविष्य को लेकर परिवार ने कई सपने देखे थे. अब उसी घर में मातम पसरा है. नीट की तैयारी कराने के बहाने विवेक उसके करीब आया था.
ALSO READ: आर्केस्ट्रा संचालक के भाई पर दुष्कर्म और धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
श्रेया के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी भविष्य में परिवार की संपत्ति की उत्तराधिकारी होती. उनका आरोप है कि संपत्ति के लालच में आरोपी उससे शादी करना चाहता था और इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी. पिता सुनील उपाध्याय ने कहा- हमने पास के ही गांव में श्रेया की शादी तय कर दी. सगाई हो गई और फरवरी- 2027 में शादी की तारीख रखी गई थी. इसके बाद विवेक आक्रामक हो गया. उसने श्रेया की मां को धमकी दी थी कि मैं भी देखूंगा कैसे शादी होती है.



