आर्केस्ट्रा संचालक के भाई पर दुष्कर्म और धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी : मिर्जामुराद में शादी का झांसा देकर धर्मांतरण कराने के दबाव का गंभीर मामला सामने आया है. भदोही निवासी एक पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. पीड़िता ने आरोपियों पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने, गर्भपात कराने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के एक गांव निवासिनी पीड़िता भदोही में रहकर शादी-विवाह में डांस आदि का काम करती है. आरोप है कि काम के सिलसिले में वह कछवा चौराहा स्थित सोनी आर्केस्ट्रा के संपर्क में आई थी. मिर्जामुराद के छतेरी मानापुर का रहने वाला एक व्यक्तिआर्क्रेस्ट्रा का है.
वहीं पर उसकी मुलाकात संचालक के छोटे भाई से हुई. आरोप है कि उसने भविष्य में शादी करने का वादा कर उसे अपने साथ रखा. दोनों पिछले चार सालों से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे. पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसने आर्केस्ट्रा से जो भी कमाई की, वह सब आरोपी ले लेता था. आरोप यह भी है कि इस अवधि में वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया.
शराब के नशे में उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी. जब पीड़िता ने शादी की लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा. शंका होने पर पीड़िता आरोपी के घर पहुंची, जहां आरोपी के भाई , उसकी पत्नी और अन्य परिजनों ने साफ कह दिया कि पहले अपना धर्म बदलकर उनके धर्म में शामिल होना होगा, तभी शादी संभव होगी.
ALSO READ: वाराणसी में दो सड़क हादसों में 10 घायल: दो कारें भिड़ीं, ट्रक ने कार को टक्कर मारी
पीड़िता के विरोध करने पर परिजनों ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया. मामले में पीड़िता ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. वही इस मामले में थाना प्रभारी मिर्जामुराद गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है दोषी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी.



