वाराणसी में दो सड़क हादसों में 10 घायल: दो कारें भिड़ीं, ट्रक ने कार को टक्कर मारी

वाराणसी : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर कछवा सब्जी मंडी के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 10 लोग घायल हो गए. घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया. घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए. इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
रविवार रात करीब 2 बजे कछवा सब्जी मंडी के पास प्रयागराज से वाराणसी जा रही स्कॉर्पियो की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार चका नैनी, प्रयागराज निवासी आशुतोष ओझा, रणवीर मिश्रा, राजरानी, गया बोध पांडेय, संगीता पांडेय, मीना देवी ओझा, सुषमा मिश्रा, ममता शुक्ला और प्राची मिश्रा घायल हो गए.

दूसरी कार के चालक मिर्जापुर के इमामबाड़ा निवासी मोनू पुत्र फारूक अली को भी चोट आई. सूचना के बाद मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को कछवा के दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े थे, जिससे कुछ देर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो गया.
ALSO READ: ओड़िसा की डिप्टी सीएम ने काशी के जगन्नाथ मंदिर मे किया दर्शन, बोली कॉरिडोर निर्माण मे मदद करेगी ओडिशा सरकार
राजातालाब में कार-डंपर की टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
वहीं एक अन्य हादसा सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे राजातालाब सब्जी मंडी पेट्रोल पंप के आगे हुआ. यहां कार और डंपर की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए. गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. सूचना पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर किनारे कराया. इसके बाद यातायात सुचारू हो गया.



