पारिवारिक कलह में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, तीन बच्चों पर से उठा पिता का साया

A young man hanged himself in a family dispute, leaving three children without a father.
वाराणसी: पारिवारिक कलह से परेशान चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उकथी तड़वा बस्ती निवासी सूरज (30) पुत्र शिवपूजन ने सोमवार की रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जानकारी के अनुसार, सोमवार रात भोजन करने के बाद सूरज अपने कमरे में सोने चला गया. इसी दौरान क्षेत्र में बिजली कट गई. बताया जा रहा है कि इसी बीच उसने कमरे में रखी चारपाई पर चढ़कर पंखे में गमछा बांधकर फांसी लगा ली. कुछ देर बाद जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो रोशनदान से उसका शव लटकता देख पिता शिवपूजन के हतप्रभ रह गए. उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए.

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी जाल्हुपुर मनीष कुमार ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया. बताया जा रहा है कि मृतक एक पुत्र और दो पुत्रियों का पिता था. घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी के साथ न आने से वह मानसिक रूप से परेशान था. इसी तनाव में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.
डिवाइडर पर चढ़कर ट्रक से भिड़ी कार
लोहता थाना क्षेत्र के रिंगरोड फेज 2 पर डिवाइडर पर चढ़कर एक स्विफ्ट डिजायर कार ट्रक से टकरा गई. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं. बताया जाता है कि हरहुआ से राजातालाब की ओर जा रहा ट्रक अपनी लेन में चल रहा था. राजातालाब से इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार डिवाइडर पर चढ़कर अनियंत्रित हो गई और ट्रक से जा टकराई.

Also Read: प्रतिक्रिया से चर्चा में आए चीन के राजदूत, सोशल मीडिया पर काशी के वैभव पर कही ये बात
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना के बाद लोहता पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम समाप्त कराया. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है.



