इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

वाराणसी: श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया, उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
रेणुकूट निवासी रीना मिश्रा के पति नागेंद्र मिश्रा का मंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा था, रीना का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर की लापरवाही के चलते उनके पति की हालत बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई, उनका यह भी आरोप है कि डॉक्टर ने इलाज से पहले उनसे एक सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए थे. बाद में उसी कागज पर यह लिख दिया गया कि मरीज को कुछ होने पर इसकी जिम्मेदारी परिजनों की होगी.

परिजनों ने इलाज के दौरान ऑपरेशन के खर्च के नाम पर दो हजार रुपये लिए जाने का भी आरोप लगाया है, मरीज की मौत के बाद परिवार ने सवाल उठाया कि सरकारी अस्पताल में इस तरह सादे कागज पर हस्ताक्षर क्यों कराए गए और इलाज के नाम पर कथित तौर पर पैसे क्यों लिए गए.
परिजनों ने मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि इलाज से जुड़े सभी दस्तावेजों और अस्पताल में हुई प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके.
ALSO READ:रोहनिया में लगा दिशा सूचक बोर्ड, अब आसानी से पहुंच सकेंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
वहीं, अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक बृजेश कुमार ने परिजनों के आरोपों को अलग तरीके से बताया, उन्होंने कहा कि मरीज की हालत पहले से ही बेहद गंभीर थी, उसके पैर में संक्रमण पूरी तरह फैल चुका था. परिजनों को पहले ही मरीज की गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी दे दी गई थी. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की ओर से उपचार किया जा रहा था, लेकिन इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई.
मामले में अब परिजनों के आरोप और अस्पताल प्रशासन के पक्ष के बीच सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.



