काशी विद्यापीठ में देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता, विकसित भारत 2047 की थीम पर छात्रों ने बांधा समा...

वाराणसी. महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को मंच कला विभाग द्वारा 'विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां: विकसित भारत 2047 की आधारशिला' विषय पर देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रप्रेम और विकसित भारत के संकल्प को स्वर दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंच कला विभाग की अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. संगीता घोष के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत 2047 के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में मंच कला विभाग के कुल 10 समूहों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों की सशक्त प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन विभाग के शिक्षक डॉ. पंकज शर्मा ने निर्णायक के रूप में किया।
परिणामों में एम. म्यूजिक तृतीय सेमेस्टर के अभिषेक, रूबल, गौरव, आशुतोष और दिव्यांश के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुहानी, ईशा, अनीता, अभिनव और प्रदुम्न के समूह ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि बी. म्यूजिक तृतीय सेमेस्टर के अर्चना, अंशिका, अनन्या, स्नेहलता और सूरज के समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
ALSO READ : वाराणसी का मौसम हुआ खुशनुमा, देर रात तक होगी रिमझिम बारसात
प्रतियोगिता के दौरान हारमोनियम पर शिवम सिंह तथा तबले पर विभाग के शिक्षक अनूप तिवारी ने संगत कर प्रस्तुतियों को और प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षी ने किया। आयोजन के अंत में विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।



