चेन स्नैचरों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; दो अंतरजनपदीय लुटेरे गिरफ्तार

वाराणसी: लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और चेन स्नैचरों के बीच मुठभेड़ हो गई, लालपुर रिंग रोड के पास चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों बदमाश सड़क पर गिर पड़े. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया.
घायल बदमाश की पहचान गोरखपुर के चिउटहा थाना क्षेत्र के चिउटहा (चिउराताल) निवासी प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक के रूप में हुई है, पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार, तारामंडल रामपुर निवासी वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 75 हजार रुपये नकद, पीली धातु, .315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं, पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अंतरजनपदीय लुटेरे हैं और अलग-अलग जिलों में चेन स्नैचिंग व लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं.
अधिवक्ता की मां से लूटी थी चेन
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपियों ने 17 जुलाई को लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमरेपुर गांव में एक अधिवक्ता की मां से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. रविवार रात चेकिंग के दौरान दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए.
ALSO READ:कांग्रेस कार्यालय घेराव के विरोध में कांग्रेस का धरना, नामजद एफआईआर की मांग
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है, साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने वाराणसी के अलावा किन-किन जिलों में चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है.



