27 किलो चांदी टप्पेबाजी के बाद पुलिस अलर्ट, एसीपी ने सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा...

वाराणसी: गोविंदपुरा सर्राफा बाजार में 16 जुलाई को 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन की मांग पर ठठेरी बाजार, सुड़िया, रेशम कटरा, मच्छरहट्टा फाटक और गोविंदपुरा सर्राफा बाजार का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों का जायजा लेते हुए चौक थाना प्रभारी को प्रमुख स्थानों पर पिकेट ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसीपी ने सर्राफा व्यापारियों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं सुनीं और पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ के प्रतिष्ठान पर हुई बैठक में एसीपी ने कहा कि 16 जुलाई को हुई 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और प्रयास है कि सोमवार तक मामले का पर्दाफाश कर दिया जाए।
इस दौरान सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, महामंत्री रवि सर्राफ, पंकज सर्राफ, राघव दवे, जतिन रस्तोगी, राजा सेठ, किशोर सेठ, अमनदीप सिंह, कमल कुमार सिंह, जय किशन सिंह, सुनील सेठ, विवेक अग्रवाल, किशन सेठ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। पुलिस ने व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने का भी भरोसा दिया।
ALSO READ:वाराणसी में करोड़ों की साइबर धोखाधड़ी, 32 गिरफ्तार, आरोपी युवतियों का हंगामा...
प्रदेश व्यापी अभियान ऑपरेशन 'साइबर वज्र' के तहत वाराणसी पुलिस को बडी सफलता मिली है. फर्जी कॉल सेंटर के जरिए शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 1.25 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा किया गया है. इस मामले में भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित शाही टावर स्थित काल सेंटर से 21 महिलाओं सहित कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह गिरोह शेयर बाजार, व्यापार और निवेश में रुचि रखने वाले लोगों के आंकड़े एकत्र करता था. कॉल सेंटर में कार्यरत कर्मी खुद को सेबी पंजीकृत फर्म "एन के डी एंड एसोसिएट्स" का प्रतिनिधि बताते थे. वे लोगों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी दस्तावेज भी इस्तेमाल करते थे. मोटा मुनाफा और व्यापार संबंधी सुझाव देने के नाम पर सदस्यता शुल्क लेते थे. गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को वाराणसी पुलिस ने जब डीसीपी क्राइम नीतू कादयान के सामने इनमे से 21 युवतियां को पेश किया तो वो उग्र हो गयीं. चिल्लाना शुरू किया और कहा कि पहले कंपनी ने धोखा दिया. उसके बाद पुलिस ने बेवकूफ बनवाकर साइन करवाए और अब मीडिया के सामने परेड कराई जा रही है. हम लोगों का सब कुछ खत्म हो गया. फिलहाल पुलिस ने सभी का मेडिकल करवाने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है.



