एनसीएमसी कार्ड से रोपवे को जोड़ने की तैयारी, निदेशक मंडल की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

वाराणसी: शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक मंडल की हुई 35वीं बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. नए रूटों पर बस सेवा शुरू और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) से रोपवे को जोड़ना भी शामिल रहा. एनसीएमसी कार्ड से ही रोपवे में भी सफर कर सकेंगे. बैठक में मारकंडेय महादेव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, बाबतपुर और सिंधोरा जैसे नए रूटों पर बसें चलाने का फैसला किया गया.
इससे शहरवासियों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. काशी दर्शन बस सेवा का भी कायाकल्प किया जाएगा. इसमें ब्रांडिंग बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार होगा. नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड को सिटी बस और निर्माणाधीन रोपवे दोनों से जोड़ा जाएगा. यात्री अब एक ही कार्ड से दोनों सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे. प्रस्तावित 250 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए भी योजना बनाई गई है. संचालन के लिए वीरापट्टी, आखरी बाईपास, मोहनसराय (ट्रांसपोर्ट नगर) आयर में डिपो और चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए जमीन चिह्नित की गई है.
ALSO READ : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से डिजिटल होगी स्वास्थ्य सेवाएं, काशी में विशेषज्ञों ने साझा की कार्ययोजना
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने पिछली बोर्ड बैठक के निर्णयों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को बसों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार करने का निर्देश दिया. बसों में स्वच्छता और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया. नगर निगम सिटी बसों के सभी प्रमुख मार्गों पर आधुनिक बस शेल्टरों का निर्माण कराएगा.



